झांसी। सुभाष गंज में थोक की दुकानें लॉकडाउन के दौरान सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही खुलेंगी। कारोबार चार घंटे ही होगा। इस अवधि के बाद दुकान खुली पाए जाने पर विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई होगी। मंगलवार को व्यापारियों और पुलिस - प्रशासन की बैठक में इस पर सहमति बनी।
लॉकडाउन के दौरान लोगों को आवश्यक वस्तुओं की किल्लत न हो, इसके लिए सुभाष गंज में थोक वस्तुओं की दुकानें शाम पांच से रात आठ बजे तक खोली जा रही थीं। इस अवधि में दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही थी, जिससे सामाजिक दूरी के प्रावधान का पालन नहीं हो पा रहा था। सोमवार को जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने बाजार का निरीक्षण किया था। इस स्थिति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई थी। इस पर सुभाष गंज व्यापार मंडल ने दुकानें पूरी तरह से बंद रखने का एलान कर दिया था। मंगलवार को कारोबार पूरी तरह से ठप रहा। लेकिन, इससे आवश्यक वस्तुओं की किल्लत होने की समस्या खड़ी हो र्गई थी।
इससे निपटने के लिए मंगलवार को कोतवाली में बैठक हुई, जिसमें तय हुआ कि आवश्यक वस्तुओं की थोक दुकानें दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक खोली जाएंगी। बाजार सप्ताह में तीन दिन बृहस्पतिवार, शनिवार व सोमवार को खुलेगा। केवल आवश्यक वस्तुओं की दुकानें ही खुलेंगी। भारी वाहन रात आठ से सुबह आठ बजे तक बाजार में ही रहेंगे। सुबह आठ बजे के बाद भारी वाहन बाहर निकाले जाएंगे। दुकान के अंदर मालिक के अलावा केवल दो लोग ही रहेंगे। सोशल डिस्टेंस का पालन सुनिश्चित करना होगा। लोडिंग गाड़ियों की संख्या आधी की जाएगी, ताकि बाजार में जाम की समस्या न हो। दोपहर तीन से शाम सात बजे तक दुपहिया और चौपहिया वाहन सुभाष गंज मैदान के अंदर नहीं आएंगे। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल, एसडीएम गुलाब चंद्र राम, सीओ सिटी संग्राम सिंह समेत राजीव राय, अजय खुराना, संजय सर्राफ, अनूप गुप्ता, संजय पटवारी, प्रमोद किलपन, किशन खुराना, दीपक बरमानी, शरद अग्रवाल, देवेंद्र नगरिया आदि मौजूद रहे।