झांसी। खनिज का परिवहन करने वाली गाड़ियों को जीपीएस से लैस किया जा रहा है। जिले में अब तक चार सौ गाड़ियों में ये सिस्टम लगाया जा चुका है। इन सब गाड़ियों पर लखनऊ स्थित कमांड सेंटर से सीधी नजर रखी जा रही है।
अवैध खनन व उसके अवैध रूप से किए जाने वाले परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए शासन द्वारा लगातार कोशिशें की जा रही हैं। बावजूद, ये थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस पर लगाम कसने के लिए खनिज की ढुलाई करने वाले वाहनों को जीपीएस से लैस किया जा रहा है। जिले में अब तक चार सौ वाहनों ने इसके लिए पंजीकरण करा लिया है। इन वाहनों की कमांड सेंटर से निगरानी की जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी मोहम्मद महबूब ने बताया कि खनिज का परिवहन करने वाली सभी गाड़ियों में ये लगाया जाना जरूरी है। प्रक्रिया लगातार जारी है। जल्द ही सभी गाड़ियों को इससे लैस कर दिया जाएगा। इससे अवैध खनन पर अंकुश लगाना आसान होगा।