झांसी। लॉकडाउन से प्रभावित हो रही छात्रों की पढ़ाई को लेकर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में कुलपति आवास पर हुई बैठक में शैक्षणिक कार्यों के विकल्पों पर चर्चा की। बाद में तय हुआ कि गूगल क्लासेस रूम और जूम के माध्यम से बीयू में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शैक्षणिक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने बताया कि वर्तमान में इंटरनेट पर कई ऑनलाइन टीचिंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं। इसमें गूगल क्लासरूम और जूम दोनों अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं। इनके द्वारा शिक्षक और छात्रों को पारस्परिक विचार-विमर्श होने से शिक्षा शिक्षण की गुणवत्ता सुधरेगी। पहले गूगल क्लासरूम से शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन नोट और अन्य अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। अध्ययन सामग्री को पढ़ने के बाद छात्रों द्वारा प्रश्नों के जरिए अपनी शंकाओं को शिक्षक को भेजकर भेजेंगे। इससे शिक्षक उनका समाधान कर सकेंगे। इसके अलावा इस प्रणाली में शिक्षक विद्यार्थियों को अध्ययन के बाद मूल्यांकन के लिए प्रश्न भी दे सकते हैं। इनके उत्तर छात्र ऑनलाइन देंगे। इसके बाद जूम के जरिए ऑनलाइन कक्षाएं चलाई जाएगी। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों का सीधे इंटरेक्शन होगा। गूगल स्टडी, गूगल क्लासरूम से प्राप्त स्टडी मैटेरियल के जरिए छात्रों को व्याख्यान देंगे। कुलपति ने कहा कि पहले हर विभाग से कुछ शिक्षकों को प्रशिक्षित कर फिर अन्य सभी को प्रशिक्षित किया जाएगा। ये दोनों प्लेटफॉर्म के एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध हैं, जिन्हें एंड्रायड फोन, लैपटॉप या डेस्कटॉप कंप्यूटर पर इंस्टॉल कर प्रयोग किया जा सकता है।
गूगल क्लास रूम उपयोग करने के लिए निर्देश
- गूगल क्लास रूम को मोबाइल फोन एवं लैपटॉप दोनों पर प्रयोग कर सकते हैं।
- फोन पर प्रयोग के लिए गूगल क्लास रूम के एप को एंड्राइड फोन पर प्लेस्टोर से डाउनलोड कर इंस्टॉल करें एवं लैपटॉप पर प्रयोग के लिए ब्राउजर में जाकर गूगल क्लास रूम सर्च करें।
- इस प्रकार आप के फोन या लैपटॉप में ऊपर दायीं तरफ प्लस के निशान को देखेंगे, जिसको क्लिक करके आप इस को ज्वाइन कर सकते हैं।
- अगर आप शिक्षक हैं तो CREAT बटन को क्लिक करें एवं अपने जीमेल अकाउंट से लॉग इन करें।
- अगर आप विद्यार्थी हैं तो JOIN बटन को क्लिक करें।
- विद्यार्थी अपने शिक्षक को अपना जीमेल आईडी देते हुए अपने शिक्षक से इन्विटेशन का आग्रह करें अन्यथा अपने शिक्षक से गूगल क्लास रूम का कोड प्राप्त कर क्लास को ज्वाइन करें।
- इस प्रकार विद्यार्थी एवं शिक्षक एक ही प्लेटफॉर्म पर आकर अध्ययन एवं अद्यापन कार्य कर सकते हैं।