झांसी। पति-पत्नी के रिश्ते में पैदा हुआ शक का अंजाम कई बार बेहद दर्दनाक होता है। मऊरानीपुर के मोहल्ला कादिम अली में कल पति के पत्नी का गला काट देने के पीछे भी सबसे बड़ी वजह शक करना ही सामने आया। पुलिस का कहना है पूछताछ में मालूम चला कि आरोपी को कुछ गांव वालों ने यह कहकर भड़का दिया कि उसकी पत्नी का वीडियो वायरल हो चुका है। यह कई गांव वालों के पास है। इसी बात को लेकर आरोपी के दिमाग में पत्नी को लेकर शक पैदा हो गया हालांकि ग्रामीणों का कहना है आरोपी की पत्नी बेहद सीधी एवं घरेलू महिला थी लेकिन, आरोपी के दिमाग के बसे फितूर ने उसे मौत की ओर धकेल दिया।
मोहल्ला कादिम अली में निवासी अयूब ने मंगलवार देर रात अपनी पत्नी रोशन जहां की चाकू से रेत कर हत्या कर दी थी और खुद ही कोतवाली भी जा पहुंचा। अयूब का विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व मिर्जापुर निवासी रोशन जहां से हुआ था। उसके दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं। अयूब कस्बे में ही जूते-चप्पल की दुकान चलाता है। इसके साथ ही गाड़ी चलाकर भी वह कमाई कर लेता है। ग्रामीणों के मुताबिक अयूब का परिवार ग्रामीण परिवेश के लिहाज से सम्पन्न परिवार माना जाता है। अयूब लोगों के बीच बहुत आसानी से घूलता-मिलता नहीं था। उसके पड़ोसियों का कहना है कि उसका व्यवहार कई बार हिंसक हो जाता है। उसे लोग मानसिक रोगी भी मानते थे। कुछ दिनोें पहले ग्रामीणों ने अयूब की पत्नी को लेकर वीडियो होने की बात कह दी। इससे अयूब मानसिक तौर पर परेशान हो गया। वह पत्नी पर शक करने लगा। कुछ दिनों पहले ही दोनों के बीच लड़ाई भी हुई थी। पुलिस का भी कहना है कि पूछताछ के दौरान अयूब का व्यवहार अजीबो-गरीब था। वह छोटी-छोटी बात पर उखड़ जाता था। पूछताछ में उसने बताया कि गांव वाले वीडियो की बात कहते थे। इसी वजह से वह परेशान हो गया हालांकि पत्नी से इस बारे में उसने कोई भी बात नहीं की थी। पुलिस को ऐसा कोई वीडियो भी नहीं मिला है। इंस्पेक्टर मऊरानीपुर शैलेंद्र सिंह के मुताबिक लिखापढ़ी के बार आरोपी को आज जेल भेज दिया गया।