झांसी। डेढ़ साल बाद फिर से झांसी स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में सफाई शुरू होगी। ट्रेनों की सफाई का ठेका चंबल सिक्योरिटी कंपनी को दिया गया है। कंपनी के कर्मचारी सुबह छह बजे से रात दस बजे तक की ट्रेनों के 450 कोचों में सफाई व पानी भरेेंगे। कंपनी पंद्रह जुलाई से अपना काम शुरू कर देगी।
26 दिसंबर 2014 को ट्रेनों में सफाई करने वाली कंपनी विशाखा इंटरप्राइजेज का ठेका खत्म हो गया था। तब से रेल प्रशासन दो बार ठेका निकाल चुका है, मगर हर बार संशोधित शर्तों के कारण ठेका प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती थी। मगर, इस बार शर्तें पूरी होने पर ठेका भोपाल की चंबल सिक्योरिटी कंपनी को दे दिया गया है। यह ठेका तीन साल के लिए 4.70 करोड़ में दिया गया है। ठेका लेने वाली कंपनी के कर्मचारी पूर्व की तरह झांसी स्टेशन पर सुबह छह से रात दस बजे तक रुकने वाली ट्रेनों में पानी भरने, शौचालय व वाश बेसिन साफ करने, शौचालय के बाहर टी एरिया साफ करने, वातानुकूलित कोच के कांच साफ करने, डस्टबिन व परफ्यूम छिड़कने आदि का काम करेंगे।इस दौरान उन्हीं ट्रेनों में सफाई होगी, जिनका ठहराव दस मिनट या इससे अधिक है। हालांकि, नए नियमों के अनुसार जनरल कोचों में सिर्फ पानी भरा जाएगा।
रेल प्रशासन का मानना है कि जनरल कोचों में अधिक भीड़ रहती है, ऐसे में उनके शौचालयों को साफ करना संभव नहीं है। ऐसे में ठेकेदार को बेकार ही राजस्व देना पड़ेगा।
मालूम हो कि विशाखा इंटरप्राइजेज का ठेका खत्म होने के बाद से सीएंडब्लू कर्मचारी ट्रेनों में पानी भरने का काम कर रहे थे। कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण अधिकांश ट्रेनों के सभी कोचों में पानी भरना संभव नहीं हो पा रहा था। कोचों में सफाई न होने की भी शिकायतें बढ़ गई थीं।