पश्चिम मध्य रेल के हरदा- खंडवा खंड में खिरकिया और भिरंगी स्टेशन के मध्य चार अगस्त की रात्रि हुए रेल हादसे के बाद बाधित चल रहा यातायात बृहस्पतिवार से सामान्य हो गया। नौ दिन बाद स्थिति सामान्य होने पर यात्रियों को राहत मिली।
मध्य प्रदेश के हरदा में हुए ट्रेन हादसे के बाद से भोपाल-झांसी-दिल्ली रूट प्रभावित चल रहा था। ट्रेनों के निरस्त होने से मुंबई, पुणे, नासिक, मनमाड, इटारसी आदि स्टेशनों पर जाने वाले यात्री परेशान थे। खासकर इस दौरान नासिक में चल रहे कुंभ मेले में शामिल होने जा रहे सैकड़ों यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। वहीं, मौके पर चल रहे युद्धस्तर कार्य के उपरांत बृहस्पतिवार से अप और डाउन ट्रैक का संचालन शुरू कर दिया गया।
हालांकि, बृहस्पतिवार को गाड़ी संख्या 12108 अप लखनऊ लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 12137 डाउन पंजाब मेल, 12138 अप पंजाब मेल, 12148 अप निजामुद्दीन कोल्हापुर एक्सप्रेस, 12171 डाउन लोकमान्य तिलक हरिद्वार एक्सप्रेस, 12486 अप नांदेड श्री गंगानगर एक्सप्रेस, 12541 डाउन गोरखपुर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 12542 अप लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस, 12629 यशवंतपुर निजामुद्दीन एक्सप्रेस, 12456 अप कालका शिरडी एक्सप्रेस व 12458 अप उना हिमाचल नांदेड एक्सप्रेस अपने प्रारंभिक स्टेशन से रद रही। इस कारण झांसी स्टेशन से उक्त ट्रेनों में जाने वाले एक सौ से अधिक यात्रियों को अपने आरक्षण रद कराने पड़े, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।