- हालत गंभीर होने पर घायलों को मेडिकल कॉलेज किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। नया भानपुरा टैक्सी स्टैंड पर दो ऑटो के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में एक वृद्धा की मौत हो गई। जबकि, पांच सवारियां घायल हो गईं।
घटना के संबंध में देवरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम कुअंरपुरा निवासी भगवानदास पाल ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि उनकी मां कुसुम देवी पाल, पाना देवी, दलू, राजाबाई तथा दो अन्य ग्रामीण बुधवार को ग्राम भंडरा से ऑटो में सवार होकर अपने गांव कुंअरपुरा लौट रहे थे। दोपहर करीब बारह बजे ऑटो के नया भानपुरा स्टैंड पर पहुंचने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। ऑटो में सवार सवारियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने कुसुम देवी पाल पत्नी हरजू पाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि, अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेजरेफर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने दोनों ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।