नगर निगम के जनकार्य विभाग व स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारी कई वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं, इससे विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है, मामले को लेकर पार्षदों ने मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर उक्त अधिकारियों के स्थानांतरण की मांग की है। जिस पर मंडलायुक्त ने कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
मंडलायुक्त को दिए गए ज्ञापन में वार्ड नंबर चार के पार्षद रविकांत मौर्या, खुशीपुरा पार्षद सुरेश चंद्र गोपी, वार्ड नंबर साठ की पार्षद सुनीता पुरी, पार्षद वीरेंद्र सिंह, रेखा श्रीवास व पार्षद आनंद साहू ने बताया कि नगर निगम में जन कार्य विभाग के सहायक अभियंता आरके सिंह 2008 से, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रवि निरंजन 2008 से, सफाई निरीक्षक मनोज श्रीवास्तव 2009 से, अवर अभियंता मन्नू लाल त्रिपाठी 2012 से, अवर अभियंता चंद्रशेखर अग्रवाल 2011 से और अवर अभियंता एसके ओझा 2006 से जन कार्य विभाग में कार्यरत हैं। मंडलायुक्त के राम मोहन राव से मांग की गई है कि मुख्यमंत्री द्वारा जिले में छह वर्ष से अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों का तबादला अन्य जिले में करने का अधिकार उस विभाग के विभागाध्यक्ष को दिया है। इसी परिप्रेक्ष्य में नगर आयुक्त को उक्त अधिकारियों का तबादला करने के लिए आदेशित करें। ताकि नगर विकास का पहिया तेजी से दौड़ सके। साथ ही आम जन मानस की समस्याओं का निराकरण हो सके। उक्त अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्य में रोड़ा अटकाया जाता है। इससे आम जन मानस को परेशानी होती है।