नई तहसील में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
पुर्नवास की मांग को लेकर पिछले चार दिन से धरने पर बैठे किसानों ने मंगलवार को धरना स्थगित कर दिया। अफसरों ने दस दिन में उनकी समस्याओं को सुलझाने का भरोसा दिया है। किसान रक्षा पार्टी के बैनर तले आंदोलित किसान लेखरी एवं पहूज बांध के विस्थापितों को मुआवजा समेत अन्य मांगों को लेकर सिंचाई विभाग के बेतवा भवन में धरने पर बैठे थे।
पिछले कई दिन से सिंचाई विभाग समेत प्रशासनिक अधिकारी उनको समझाने-बुझाने में जुटे थे लेकिन, किसान नेता समस्या न सुलझने तक धरना खत्म करने को राजी नहीं हुए। इसके बाद जिलाधिकारी को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने किसान नेताओं से बात करते हुए समस्याएं नियत समय के भीतर सुलझाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अधीक्षण अभियंता अंबुज द्विवेदी ने दस दिन में उनकी समस्याएं सुलझाने का भरोसा दिलाया।
अध्यक्ष गौरीशंकर विदुआ के मुताबिक अधिकारियों के भरोसा दिलाने पर धरना स्थगित करने का फैसला किया गया है। अगर समय-सीमा के भीतर समस्या नहीं सुलझी तब आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा। इस दौरान अध्यक्ष मुदित चिरवारिया, शिरोमणि सिंह राजपूत, अमर सिंह, पप्पू पाल, मुन्ना चौधरी, रामरतन अहिरवार समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।