बुंदेलखंड विवि का शैक्षणिक कैलेंडर जारी, 11 अप्रैल से 10 मई तक होगी सम सेमेस्टर की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने शिक्षा सत्र 2024-25 का शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। तय समय पर परीक्षा कराकर परिणाम जारी किया जाएगा।
शिक्षा सत्र 2023-24 की विवि की सम सेमेस्टर की परीक्षा देर से शुरू हुई थी, इस वजह से अब तक रिजल्ट जारी नहीं हो सका है। विवि प्रशासन का कहना है कि परीक्षाएं समय पर कराई जा सकती थीं, लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान चित्रकूट के जिलाधिकारी ने पुलिस बल मुहैया कराने में असमर्थता जताई थी। अब कुलाधिपति के निर्देश पर विवि ने नए सत्र का शैक्षणिक कैलेंडर बनाया है।
परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि विषम सेमेस्टर (प्रथम, तृतीय व पांचवें) की परीक्षाएं 11 नवंबर से 10 दिसंबर तक कराई जाएंगी और परीक्षा परिणाम पांच जनवरी तक जारी कर दिया जाएगा। सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 अप्रैल 2025 से 10 मई तक कराई जाएंगी और परिणाम 15 जून तक जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार ही परीक्षाएं कराई जाएंगी।
20 जुलाई तक जारी होंगे सभी परिणाम
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि यूजी व पीजी के परीक्षा परिणाम जारी किए जा रहे हैं। सभी पाठ्यक्रम के परिणाम 20 जुलाई तक जारी कर दिए जाएंगे और पठन-पाठन 21 जुलाई से शुरू होगा।
-
विषम सेमेस्टर में बहुविकल्पीय व सम में लिखित परीक्षा होगी
परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि विषम सेमेस्टर में बहुविकल्पीय प्रश्न का विरोध किया गया था। अब शासन ने स्पष्ट कर दिया है कि विषम सेमेस्टर में बहुविकल्पीय प्रश्न ही आएंगे। इससे विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर जानकारी मिलेगी। सम सेमेस्टर की परीक्षा में विस्तृत उत्तर देना होगा। ब्यूरो