झांसी। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं अधिकांश केंद्र व्यवस्थापकों के माथे पर पसीना ला रही हैं। अब उन्हें उत्तर पुस्तिका के बंडल देने के पूर्व इस आशय का प्रमाण पत्र देना होगा कि संबंधित प्रश्न पत्र में कितने छात्र उपस्थित हैं, कितने अनुपस्थित हैं तथा
अनुपस्थित छात्रों की एप के माध्यम से विभाग के सर्वर पर सूचना प्रेषित कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में अनुपस्थित, उपस्थित परीक्षार्थियों की सूचना मोबाइल एप के माध्यम से बोर्ड के सर्वर पर उपलब्ध कराने के निर्देश केंद्र व्यवस्थापकों को दिए गए हैं।
सिम के एक्टीवेट न होने एवं नेटवर्किंग प्राब्लम से ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र के लगभग 15 केंद्र व्यवस्थापक नियमित ब्यौरा नहीं भेज पा रहे हैं, जिसकी सूचनाएं लगातार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मिल रही हैं।
इस संदर्भ में जिला विद्यालय निरीक्षक डा. नीरज कुमार पांडेय ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि वह अपने - अपने क्षेत्र में क्रियाशील किसी भी सिम का प्रयोग कर सकते हैं। क्योंकि किसी भी दशा में उक्त प्रक्रिया क्रि यान्वित होनी है।