झांसी। अब कॉलोनी, कॉलेज, मंडी और होटल में भी टीकाकरण होगा। रोस्टर बनाते हुए वैक्सीनेशन ड्राइव चलाई जाएगी। शासन ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। जुलाई से घर के करीब सत्र लगाकर ऑन स्पॉट पंजीकरण कराकर टीकाकरण की सुविधा मिलेगी।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने पत्र जारी कर अब घर के करीब सत्र लगाकर लोगों का टीकाकरण करने की बात कही है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विकास खंड और शहरी क्षेत्र में शहरी निकाय को इकाई के रूप में लेकर कार्ययोजना बनानी है। इन इकाइयों को क्लस्टर्स में इस तरह से विभाजित किया जाएगा, ताकि एक महीने के अंदर टीकाकरण टीमें सभी क्लस्टर्स में पहुंच जाएं। क्लस्टर में चल रही टीमों के अतिरिक्त अस्पतालों, आरोग्य व स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य भवनों पर स्थिर टीकाकरण केंद्रों के जरिए टीका लगाया जाएगा। कार्ययोजना के मुताबिक हर क्लस्टर के लिए टीकाकरण की तिथियों और स्थान पहले से ही घोषित कर दिए जाएंगे। इन सभी स्थलों पर वहीं पंजीकरण की सुविधा होगी। घर के पास ही केंद्र बनाकर टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए पंचायत घर, विद्यालय भवन व अन्य परिसर का उपयोग होगा। क्लस्टर में टीकाकरण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए हर राजस्व ग्राम में मोबलाइजेशन टीम बनेगी, इसमें प्रधान, लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, पंचायत सचिव और युवक मंगल दल, महिला मंगल दल के सदस्य शामिल होंगे। इनका काम टीकाकरण को लेकर बनी संशय की स्थिति को दूर करना और टीकाकरण के लिए प्रेरित करना होगा। यहां पर दो क्विक रिस्पांस टीम भी लगाई जाएंगी।
वहीं, इस मामले में विकास भवन में शुक्रवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की बैठक हुई। इसमें डीएम आंद्रा वामसी ने कहा कि रोज दस हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है मगर प्राप्त नहीं हो रहा है। राशन विक्रेता, 48 कॉलोनी के लिए रोस्टर बनाते हुए अभियान चलाया जाए। मंडी, होटल, रेस्टोरेंट, कॉलेजों, पॉलिटेक्निक, स्टेडियम आदि में टीकाकरण के लिए रोस्टर बनाएं। ये अभियान 15 जुलाई तक पूरा कर लें। इस दौरान सीडीओ शैलेष कुमार, एसएमओ डॉ. जूही सूलिया, डीपीआरओ जेआर गौतम, एसीएमओ डॉ. एनके जैन, डॉ. सुधीर कुलश्रेष्ठ मौजूद रहे।