झांसी। हम सबकी अपूर्वी का नया घर खातीबाबा स्थित सेंट ज्यूड शिशु विहार होगा। पहले नन्हीं परी को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया जाएगा। समिति एक सप्ताह के भीतर उसे खातीबाबा स्थित शिशु विहार ले जाएगी। वैसे तो यहां उसकी देखभाल करने के लिए बहुत सारे लोग होंगे, लेकिन मां के आंचल से वंचित रहेगी ये नवजात।
16 दिसंबर 2019 की सर्द रात में कोई नवजात को लाल रंग के कपड़े में लपेटकर मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक के सामने वाली गली में मंदिर के पास कूड़े में फेंक गया था। कुत्तों ने अपूर्वी का एक हाथ खा लिया। इसी दौरान राहगीर ने कुत्ते से बचाकर नवजात को मेडिकल कॉलेज के न्यू बॉर्न सिक केयर यूनिट में भर्ती कराया। कई हफ्तों के संघर्ष के बाद बच्ची की जान बच सकी। जन्म के बाद से नवजात महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के न्यू बॉर्न सिक केयर यूनिट में भर्ती है। जल्द ही नवजात का नया पता खाती बाबा स्थित शिशु विहार होगा। यहां वो दस वर्ष की आयु के लगभग तीन दर्जन बच्चों के साथ रहेगी। हालांकि, यहां उसकी देखरेख की पूरी व्यवस्था होगी, लेकिन मां का साया नहीं होगा, जिसकी नवजात बच्चों को सबसे ज्यादा जरूरत होती है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह ने बताया कि शिशु विहार संचालकों से इस पर सहमति बन गई है। एक सप्ताह के भीतर उसे वहां ले जाया जाएगा।