झांसी। जिला महिला अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आवासों पर एक ठेकेदार लगभग दो साल से कब्जा जमाए हुए था। अमर उजाला ने इस खबर को प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होते ही अस्पताल महकमा हरकत में आया व आवासों पर कब्जा किए हुए ठेकेदार को तीन दिन के भीतर आवासों को खाली करने का नोटिस जारी किया।
अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए अस्पताल परिसर में आवास बने हैं। इन आवासों को नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को आवंटित करने का नियम है। लेकिन अस्पताल के कर्मचारियों की मिली भगत के चलते एक ठेकेदार लगभग दो वर्षों से आवासों पर कब्जा किए हुआ था। जिसके चलते विभाग को लाखों रुपये राजस्व की क्षति झेलना पड़ी है। कई बार शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई अमल में नहीं जा रही थी। अमर उजाला के 27 सितंबर के अंक में खबर प्रकाशित होते ही अस्पताल प्रबंधन ने ठेकेदार को तीन दिन के भीतर आवासों को खाली करने का नोटिस जारी किया है। साथ ही ठेकेदार से विभाग द्वारा जुर्माना भी वसूला जा सकता है। इस संबंध में अस्पताल के कार्यवाहक सीएमएस डॉ. बीके दीक्षित ने बताया कि ठेकेदार को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर आवासों को खाली करने का आदेश जारी कर दिया गया है।