झांसी। लोकसभा चुनाव के दिन एक भी अपराधी बूथ के पास नजर आता है या फिर किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी हुई तो थानेदार पर कार्रवाई तय है। यह बात बुधवार रात पांच घंटे चली अपराध समीक्षा बैठक में मतदान शंातिपूर्र्वक कराने के निर्देश देते हुए एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने कही।
पुलिस अधिकारियों व थानेदारों को निर्देश देेते हुए एसपी ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर पुलिस नजर रखें। मतदान के दौरान किसी तरह का कोई उपद्रव न हो सके, इसके लिए बूथों व उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों व गांवों में प्रभावशाली लोगों द्वारा मतदान प्रभावित करने को लेकर कमजोर वोटरों को डराने का कार्य किया जाता है। ऐसे लोगों की पहचान कर अविलंब उन पर कानूनी कार्रवाई कर जेल भेेज दिया जाए। अगर पहले से किसी केस में आरोपित है तो ऐसे लोगों पर सीसीए व निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। ग्रामीण इलाके के थानेदार प्रभावशाली लोगों पर कड़ी नजर रखें। मतदान वाले दिन वे किसी भी स्थिति में नजर न आएं। सोशल मीडिया पर निगरानी की जाए, इसी बीच कोई भी भड़काऊ या अन्य विवादित मेसेज चलाए तो पुलिस तत्काल मामला दर्ज करे। मतदान वाले दिन अवैध शराब किसी भी कीमत पर परोसी जा सके, इसके रोकने के तगड़े इंतजाम भी पुलिस करें। यदि कोई ऐसी सूचना मिलती है तो अधिकारियों को सूचना देकर कार्रवाई की जाए। नोट बांटने वालों पर भी नजर रखी जाए। मतदान से एक दिन पहले इलाकों में सघन चेकिंग कर संदिग्धों पर नजर रखें। बैठक मेें अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राहुल मिठास, सहायक पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अपर अधीक्षक नगर श्रीप्रकाश द्विवेदी समेत अन्य अधिकारी व थानेदार मौजूद रहे।