झांसी। शासन के स्पष्ट आदेश के बावजूद संबद्ध कॉलेजों के अलावा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) कैंपस में संचालित अधिकांश पाठ्यक्रमों में अभी तक पठन-पाठन शुरू नहीं हो सका है। इस स्थिति का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को कुलपति एवं कुलसचिव ने संयुक्त रूप से सभी विभागाध्यक्षों, समन्वयकों और निदेशकों को तत्काल प्रभाव से नियमित पढ़ाई शुरू करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
शासन के नए शैक्षणिक सत्र के नियमों के अनुसार 15 जुलाई से ही शिक्षण कार्य शुरू किया जाना था, जो कि प्रवेश के लिए 31 जुलाई तक चलने वाली आवेदन प्रक्रिया के कारण अब तक चालू नहीं हो पाया है। कई कॉलेजों और विवि के शिक्षकों का तर्क है कि वे प्रवेश प्रक्रिया में व्यस्त हैं, ऐसे में कक्षाएं कैसे शुरू की जाएं। हालांकि, कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बैठक में स्पष्ट किया कि पठन-पाठन तुरंत शुरू किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि जिन नवप्रवेशित विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पीछे छूट जाएगा, उनका छूटा हुआ कोर्स विशेष कक्षाओं (स्पेशल पीरियड) के माध्यम से पूरा कराया जाएगा।