नर्सिंग होम के अंदर संचालित मेडिकल स्टोर की जांच करके निकलते ड्रग इंस्पेक्टर। स्वयं
झांसी। औषधि विभाग की टीम बृहस्पतिवार को विभिन्न नर्सिंगहोम में चल रहे मेडिकल स्टोर की जांच करने के लिए निकली। दवाओं की दर एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी वेबसाइट किसी भी मेडिकल स्टोर की नहीं मिली। दो जगहों को छोड़ किसी ने भी लाइसेंस डिस्पले नहीं किया था। इस पर नोटिस थमाकर सात दिन में वेबसाइट बनाने की हिदायत दी गई है।
शासन के आदेश पर औषधि विभाग की टीमें नर्सिंगहोम में चल रहे मेडिकल स्टोर की जांच करने के लिए निकली। अधिकारियों ने बताया कि आए दिन शिकायतें मिलती हैं कि नर्सिंगहोम में चल रहे मेडिकल स्टोर पर मोनोपॉली की दवाओं की बिक्री होती है। इन दवाओं पर कीमत भी ज्यादा अंकित होती है। इस पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने नर्सिंगहोम में चलने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों को वेबसाइट बनाकर प्रत्येक दवाओं के नाम और उनकी कीमत अपलोड करने के आदेश दिए हैं, मगर उनका पालन नहीं हो रहा है।
इस तरह की शिकायतों के चलते शासन के आदेश पर बृहस्पतिवार को ड्रग इंस्पेक्टर राहुल कुमार ने टीम के साथ मेडिकल कॉलेज के सामने बने नर्सिंगहोम में संचालित मेडिकल स्टोर की जांच की। उन्होंने बताया कि सात मेडिकल स्टोर चेक किए गए, लेकिन किसी की भी वेबसाइट नहीं मिली। दो दुकानों को छोड़कर किसी ने भी लाइसेंस डिस्पले नहीं किया था। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपकर नोटिस थमा दिए हैं। हिदायत दी है कि सात दिन में वेबसाइट बनाकर दवाओं और उनकी कीमतों को अपलोड नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।