झांसी। जनरल कोच में यात्रा करने वालों के लिए रेलवे ने यूटीएस मोबाइल फोन एप लांच किया है। लेकिन एप का इस्तेमाल करने में यात्री रुचि नहीं ले रहे हैं। अप्रैल में ही 29 लाख से अधिक यात्रियों ने रेलवे की खिड़की से टिकट लेना पसंद किया। जबकि यूटीएस एप से मात्र 17 हजार यात्रियों ने टिकट खरीदे। रेलवे ने जनरल टिकट पर यात्रा करने वालों को टिकट खिड़की की लंबी लाइनों से बचाने के साथ ही कागज की बर्बादी रोकने के लिए यूटीएस एप शुरू किया है। लेकिन यात्री एप का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि धीरे-धीरे यूटीएस एप में लोगों का रुझान बढ़ रहा है और एप से बुक होने वाले टिकट की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। हालांकि, टिकट खिड़की और वेडिंग मशीन के मुकाबले अभी इनकी संख्या कम है। संवाद