झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने अपने परिसर व अन्य संबद्ध महाविद्यालय में सीसीटीवी कैमरे की नजर में वार्षिक परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए सभी महाविद्यालयों को प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, उक्त निर्देश न मानने पर विश्वविद्यालय प्रवेश पत्र नहीं देगा।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में नकल विहीन परीक्षाएं कराने के लिए इस बार शत-प्रतिशत परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्र निर्धारण के पूर्व ही आदेश जारी कर दिए थे।
परीक्षा केंद्र बनाए गए सभी संभावित महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया था कि वे अपने यहां सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और विश्वविद्यालय को अवगत करा दें।
इस आदेश के साथ ही सभी महाविद्यालयों को यह भी स्पष्ट कर दिया गया था कि वे जब तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का कार्य पूरा नहीं हो करा लेेते, तब तक उनके महाविद्यालय से जुड़े परीक्षार्थियाें के प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय नहीं देगा।
उप कुलसचिव पीएन प्रसाद के अनुसार अभी तक महाविद्यालयाें से कैमरे लगाए जाने संबंधी रिपोर्ट नहीं आई है। इसलिए प्रवेश पत्र भी निर्गत नहीं किए गए हैं।