झांसी। जिला महिला अस्पताल में नवजाताें को निमोनिया का टीका नहीं लगाया जा रहा है। कर्मचारियों द्वारा कार्ड पर टीकाकरण वाले कॉलम पर निशान लगाकर टीका लगाना दर्शाया जा रहा है। जिसकी शिकायत आला अधिकारियों से की गई है।
जानलेवा निमोनिया से बचाव के लिए शासन की ओर से निशुल्क टीकाकरण किया जाता है। इसके लिए जिला महिला अस्पताल में बुधवार और शनिवार को टीकाकरण का दिन तय किया गया है। अस्पताल में नवजातों को निमोनिया का टीका नहीं लगाया जा रहा है। जबकि जच्चा-बच्चा कार्ड पर निशान लगाकर टीकाकरण कि या जाना दर्शाया जा रहा है। ऐसे में नवजात टीकाकरण से वंचित रह रहे है। वहीं कई लोग निजी अस्पतालों का रुख कर रहे है। जिसकी शिकायत आला अधिकारियों से की गई है।
इस संबंध में अस्पताल की सीएमएस डॉ. शाहिदा परवीन ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों को नियमित टीकाकरण की हिदायत दी गई है। प्रकरण की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।