एक घर में शादी की खुशियों को कोरोना वायरस ने फीका कर दिया। जिस युवती की शादी थी, उसके चाचा में कोराना की पुष्टि होते ही सोमवार को मेडिकल टीम उनके घर पहुंच गई और रिश्तेदारों को ले जाकर क्वारंटीन कर दिया। जिस वक्त स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची, उस वक्त दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गई हुई थी।
बाद में दुल्हन सीधे विवाह घर पहुंची। यहां पुलिस की मौजूदगी में परिवार के चंद खास लोगों की उपस्थिति में कुछ ही देर में वरमाला डलवाकर सादगी के साथ विवाह संपन्न कराया गया। बिन फेरे के दुल्हन को विदा किया गया। इस दौरान सारी तैयारियां धरी रह गईं।
सागर गेट अंदर निवासी एक परिवार में पिछले कई रोज से बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार जुट रहे थे। सोमवार को गल्ला मंडी रोड स्थित एक विवाह मंडप में सुबह शादी का कार्यक्रम था। जिस युवती की शादी थी, उसके चाचा दो दिन पहले कोरोना पॉजिटिव आ गए थे।
चाचा और युवती का घर अगल-बगल है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार सुबह युवती के घर पहुंच गई। वहां से कुछ रिश्तेदारों को एंबुलेंस से ले जाकर क्वारंटीन कर दिया गया। इस दौरान दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गई हुई थी। वहीं, उसकी मां, बहन और भाई विवाह घर में तैयारियों में जुटे हुए थे।