झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में नई डिजिटल एक्सरे मशीन आएगी। अभी यहां पर मशीन न होने पर मरीजों को गंभीर हालत में जांच कराने के लिए वार्ड जाना पड़ता है। इससे उन्हें परेशानी होती है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में दुर्घटना का शिकार, खांसी आदि के रोजाना 30 से 40 मरीज आते हैं। किसी मरीज की हड्डी की टूट-फूट की जांच तो किसी की टीबी का पता लगाने के लिए डिजिटल एक्सरे कराया जाता है। इमरजेंसी की मशीन पिछले एक साल से पूरी तरह खराब पड़ी हुई है। उसे ठीक नहीं किया जा सकता है। ऐसे में मरीजों को रोजाना ओपीडी बिल्डिंग में जाकर जांच करानी पड़ती है। मगर अब मेडिकल कॉलेज में कंपनी सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) फंड से नई डिजिटल मशीन खरीदी जा रही है। प्रभारी प्राचार्य डॉ. अंशुल जैन ने कहा कि अब जल्द ही इमरजेंसी में मशीन लग जाएगी। इसके बाद रोगियों को जांच कराने में वार्ड बिल्डिंग तक की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।