झांसी। महानगर को एक नया बड़ा बाजार मिलने जा रहा है। पुरानी गल्ला मंडी में इसके निर्माण की योजना है। शासन स्तर पर इस पर सहमति जता दी गई है। इसके साथ ही मंडी परिषद द्वारा इसका प्रस्ताव तैयार किया जाने लगा है। यहां कोई भी कारोबारी दुकान लेकर अपना कारोबार शुरू कर सकेगा। हालांकि, तरजीह सुभाष गंज के थोक कारोबारियों को दी जाएगी।
महानगर के पुराने बाजार जगह की कमी से जूझ रहे हैं। स्थिति ये है कि यहां आने वाले ग्राहकों को सामान्य सुविधाएं भी नहीं मिल पाती हैं। न तो पार्किंग स्थल है और न ही प्रसाधन की कोई व्यवस्था। माल की लोडिंग - अनलोडिंग में भी कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, अब इस समस्या के समाधान की तैयारी शुरू कर दी गई है। पुरानी गल्ला मंडी में नया बड़ा बाजार बनाने की योजना है। पुरानी गल्ला मंडी सात एकड़ के विस्तृत क्षेत्रफल में फैली हुई है। वर्तमान में यहां 110 दुकानें हैं। कई चबूतरे हैं और खुली जगह भी बहुत है। चूंकि, गल्ला मंडी एक साल पहले भोजला में बनी नई मंडी में शिफ्ट हो चुकी है, ऐसे में ये जगह खाली पड़ी हुई है। मंडी परिषद इस जमीन पर एक नया बाजार बनाने जा रहा है। इसका प्रस्ताव मंडी निदेशालय में भेजा गया था, जिस पर सहमति जता दी गई है। निदेशालय ने विस्तृत कार्ययोजना मांगी है।
थोक कारोबारियों को मिलेगी तरजीह
झांसी। पुरानी गल्ला मंडी में बनने वाले नए बाजार में सुभाष गंज के थोक कारोबारियों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें देने की योजना है। कोरोना काल में सुभाष गंज का थोक कारोबार पुरानी गल्ला मंडी में शिफ्ट कर दिया गया था, जिसका महीनों यहां संचालन हुआ। जगह ज्यादा होने की वजह से कारोबारियों के साथ-साथ ग्राहक भी सहूलियत में थे। जबकि, सुभाष गंज में जगह की कमी की वजह से परेशानियों का अंबार है। कमोबेश यही स्थिति इससे सटे पुराने बड़े बाजार की भी है। हालांकि, नए बनने वाले बाजार में दुकान तो कोई भी कारोबारी ले सकेगा, लेकिन तरजीह थोक कारोबारियों को दी जाएगी। थोक कारोबार के नए बाजार में शिफ्ट होने से पुराने शहर को भी राहत मिलेगी।
भोजला में नई मंडी में गल्ला मंडी शिफ्ट होने की वजह से पुरानी गल्ला मंडी निष्प्रयोज्य अवस्था में पड़ी हुई है। जगह के सदुपयोग के लिए यहां नया बाजार बनाने की योजना बनाई गई है। निदेशालय ने सहमति जताते हुए विस्तृत कार्ययोजना मांगी है। इससे मंडी परिषद की आय में भी बढ़ोत्तरी होगी।
- पंकज शर्मा, सचिव - मंडी समिति