अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जेडीए ने झांसी स्मार्ट सिटी के तहत मेडिकल कॉलेज में स्मार्ट टीबी सेंटर और स्मार्ट लेबर रूम बनवाए हैं। पांच करोड़ रुपये से बनीं दोनों बिल्डिंग कार्यदायी संस्था ने बंदकर रखी हैं। अभी तक इन्हें मेडिकल कॉलेज को हैंडओवर भी नहीं किया गया है।
मेडिकल कॉलेज के रेस्परेट्री विभाग में क्षय रोगियों को भर्ती किया जाता है। इन रोगियों के लिए जेडीए ने स्मार्ट टीबी सेंटर बनवाया है ताकि रोगियों को बेहतर उपचार मिल सके। वहीं, स्त्री रोग विभाग में स्मार्ट लेबर रूम की बिल्डिंग बनाई है। दोनों बिल्डिंग अक्तूबर 2024 में कॉलेज प्रशासन को हैंडओवर करनी थी मगर अभी तक कार्यदायी संस्था ने हैंडओवर नहीं किया है। जबकि काम पूरा करने का दावा किया जा रहा है। चेस्ट रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मधुर्मय शास्त्री ने बताया कि कार्यदायी संस्था लगातार तारीख बढ़ा रही है। कब तक बिल्डिंग हैंडओवर होगी, पता नहीं।
नहीं दी एनओसी व नक्शा
कार्यदायी संस्था के अधिकारी रजनत उड़ानिया ने बताया कि पिछले दिनों मेडिकल काॅलेज को बिल्डिंग हैंडओवर करने के लिए पत्र दिया जा चुका है। वहीं, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि कार्यदायी संस्था ने अभी तक फायर एनओसी और दोनों बिल्डिंगों का नक्शा तक नहीं दिया है।
0- वर्जन
कार्यदायी संस्था से जानकारी ली जाएगी कि आखिर किस वजह से बिल्डिंग हैंडओवर नहीं हो रही है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन को यदि कोई दिक्कत है तो वह सीधे जेडीए को बताएं ताकि समस्या का निदान कराया जा सके। - आलोक यादव, जेडीए उपाध्यक्ष