झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला दुबे चौक में मोटरसाइकिल हटाने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। इस गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी पक्ष के तीन लोगों को दबोच लिया है।
मऊरानीपुर में मोहल्ला दुबे चौक में रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि को लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे तभी उस समय अफरातफरी मच गई जब मोहल्ले के एक नामी दबंग परिवार के लोगों ने मोटरसाइकिल को हटाने को लेकर हुए मामूली विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
इतना ही नहीं हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवा में फायरिंग की। इस गोलीबारी में मुकेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल व अमित अग्रवाल घायल हो गए। तीनों को घायल अवस्था में परिजनों व मोहल्ले वालों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर ले गए।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद मुकेश व अशोक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मऊरानीपुर सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और देखते ही देखते मोहल्ला छावनी में तब्दील हो गया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर बचे हुए आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने की बात कही। वहीं इस घटना से मऊरानीपुर नगर में सनसनी फैल गई और छावनी में तब्दील हो गई।
पुलिस ने इस मामले में दुबे चौक निवासी राकेश सेठिया, मनीष सेठिया, दीपेश सेठिया, मनोज सेठिया, विनोद सेठिया, कल्लू और अखिलेश विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपी मनोज, कल्लू और विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश लगातार जारी है।