ग्वालियर-रक्सा हाईवे पर जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। झांसी-ग्वालियर मार्ग पर टनल निर्माण में बरती जा रही लापरवाही के चलते यहां 18 किलोमीटर तक जाम लग गया। रविवार दोपहर से लगा जाम सोमवार दोपहर तक जारी रहा। वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। रक्शा टोल से लेकर करारी तक लगे जाम के हालात सोमवार रात 24 घंटे बाद भी सामान्य नहीं हो सके। जाम के कारण वाहन रेंगकर चल रहे थे। वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।झांसी-शिवपुरी मार्ग पर टनल (सुरंग) का निर्माण चल रहा है। निर्माण कार्य हरियाणा की एजेंसी करा रही है। हाईवे होने के चलते यहां अत्यधिक ट्रैफिक लोड रहता है। एजेंसी ने वाहनों के गुजरने के लिए जो वैकल्पिक रास्ता तैयार किया है, वह बेहद संकरा होने के साथ खतरनाक भी है। गहराई स्थल से सटकर रास्ता दिया गया है। यदि जरा सी चूक हुई तो वाहन हादसे का शिकार हो सकता है। पिछले दिनों बारिश से यह मार्ग गीला हो गया, जिससे चालक संभलकर वाहन चला रहे थे। इसके चलते जाम लग गया। ट्रक, डंपर, कार, ऑटो, टेंपो आदि जाम में फंसे रहे। सोमवार को यहां पुलिस ने जाम खुलवाने के प्रयास किए, लेकिन कोई बात नहीं बनी।