झांसी। बृहस्पतिवार शाम मेडिकल कॉलेज के सामने सामने प्राइवेट हॉस्पिटल में युवती की मौत पर हंगामा हो गया। परिजन चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग पर अड़े गए। सूचना मिलते ही नवाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। देर शाम परिजन चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग पर अडेे़ रहे।
ललितपुर जिला के नैनवारा गांव निवासी संध्या (22) को गुर्दे में पथरी का दर्द होने पर परिजन 2 जून को मेडिकल कॉलेज के सामने बने एक प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां हॉस्पिटल में भर्ती करने के बाद 3 जून को दूरबीन से पथरी का ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही उनकी पुत्री की हालत बिगड़ती चली गई। उनका आरोप है कि इलाज में लापरवाही के चलते पुत्री की जान चली गई। चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने शव लेने से इंकार करते हुए हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही नवाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेकर परिजनोें को समझाया, लेकिन बात नहीं बन सकी। देर शाम परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े थे।