झांसी। जिला महिला अस्पताल में लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। लेबर रूम में एक नर्स ने बच्चे के जन्म होने के बाद प्रसूता के प्राइवेट पार्ट में रूई व पट्टी का पैड छोड़कर टांके लगा दिए। अधिक दर्द होने पर प्रसूता ने निजी अस्पताल में जांच कराई तोे सभी भौचक्के रह गए। जांच रिपोर्ट के अनुसार प्राइवेट पार्ट के अंदर रूई व पट्टी का पैड पाया गया है। शिकायत पर सीएमएस ने कार्रवाई करते हुए नर्स का इंक्रीमेंट को रोक दिया है।
शिकायती पत्र में प्रसूता के पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी गर्भवती थी। दस फरवरी की रात पत्नी को लेबर पेन होने पर जिला महिला अस्पताल लाया गया था। जहां पर मौजूद नर्सों ने लेबर रूम में प्रसव कराया। प्रसव होने के बाद पत्नी के प्राइवेट पार्ट में अंदर रूई के पैड को रख टांके लगा दिए थे। पैड को नहीं निकाला गया था। उसके वाद जब पत्नी को लेकर घर पहुंचा तो कई दिन से काफी दर्द महसूस हो रहा था। इस दौरान पत्नी को एक निजी अस्पताल में लेकर गया तो मालूम हुआ की पत्नी के प्राइवेट पार्ट में रूई व पट्टी को रखकर टांके लगा दिए हैं। जिसके चलते इंफेक्शन हो गया है। शिकायती पत्र में कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई करते हुए सीएमएस ने आरोपी नर्स के इंक्रीमेंट पर रोक लगा दी है। इस संबंध में अस्पताल की सीएमएस डॉ. वसुधा अग्रवाल ने बताया कि शिकायत आई है। मामले की जांच कराई जाएगी। आरोपी नर्स का इंक्रीमेंट रोक दिया गया है।