झांसी रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ताओं से घिरे मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा।
झांसी। बुधवार को मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के सामने फिर सामाजिक दूरी का दायरा टूटा। इतना ही नहीं गृहमंत्री भी बगैर मास्क लगाए कार्यकर्ताओं से मिलते रहे। वह रेलवे स्टेशन के वीआईपी रूम में 50 मिनट तक रहे और इस बीच कार्यकर्ताओं से घिरे रहे।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा दतिया में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद दोपहर 1.55 बजे काफिले के साथ झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। उनको 02630 निजामुद्दीन यशवंतपुर एक्सप्रेस से भोपाल जाना था। ट्रेन आने में 50 मिनट थे। इस बीच वह वीआईपी रूम में जाकर बैठ गए। रूम में उनके सभी समर्थक भी पहुंच गए। जगह की कमी के कारण अधिकांश समर्थक उनको घेरे ही खड़े रहे। गृहमंत्री ने मास्क भी नहीं लगाया था। अधिकांश समर्थक भी बगैर मास्क के दिखे। यह हालात तब हैं जब झांसी में कोराना अपनी फुल स्पीड में है। हर रोज सौ से सवा सौ मरीज मिल रहे हैं। लेकिन फिर भी सोशल डिस्टेंसिंग तार तार हो रही है। खास बात यह है कि प्लेटफार्म पर कंफर्म टिकट वाले यात्री के अलावा दूसरे किसी व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं है। लेकिन मंत्री के साथ भारी भीड़ दिखी। किसी ने लोगों को रोकने की कोशिश भी नहीं की। जबकि कई प्वाइंट पर जीआरपी और आरपीएफ तैनात रहती है।