इंटर में प्रशांत, नरेंद्र व हाईस्कूल में श्वेता, विशाल ने किया टॉप
झांसी/ललितपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के परिणाम रविवार को आए, जिसमें जिले के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन रहा। झांसी में हाईस्कूल में 78.47 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता का दामन चूमा, तो इंटरमीडिएट में 92.99 फीसदी उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट की परीक्षा में बरुआसागर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के छात्र प्रशांत समाधिया ने जिले में टॉप किया। वहीं हाईस्कूल में निर्मला कान्वेंट गर्ल्स इंटर कालेज की छात्रा श्वेता सिंह ने जिला टॉप किया। उधर, ललितपुर में राजकीय इंटर कॉलेज ललितपुर के नरेंद्र ने इंटरमीडिएट में 91.4 प्रतिशत अंक और हाईस्कूल में विशाल साहू ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया।