झांसी। जिला अधिवक्ता संघ की चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। वोटर लिस्ट को अंतिम रूप दे दिया गया है। पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार मतदाताओं की संख्या 600 कम हो गई है। ज्यादातर नाम नियमित प्रैक्टिस न होने की वजह से हटाए गए हैं।
जिला अधिवक्ता संघ के 2019 में हुए चुनाव में जारी की गई वोटर लिस्ट में 2200 से अधिक मतदाताओं के नाम शामिल किए गए थे। लेकिन, इस साल होने वाले चुनाव में 1629 मतदाताओं के नाम ही मतदाता सूची में दर्ज किए गए हैं। सीओपी (सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस) नंबर की वजह से तमाम अधिवक्ताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं। संघ के निवर्तमान अध्यक्ष रमेश यादव व निवर्तमान महामंत्री प्रणय श्रीवास्तव ने बताया कि बार काउंसिल की ओर से उन्हीं वकीलों को सीओपी नंबर जारी किया गया है, जिन्होंने पिछले पांच साल के वकालतनामे की प्रमाणित कॉपी बार काउंसिल कि समक्ष प्रस्तुत की है, जिन वकीलों के पास सीओपी नंबर है, उन्हीं के नाम वोटर लिस्ट में रखे गए हैं। इसके अलावा जिला अधिवक्ता संघ की वोटर लिस्ट से डिवीजन बार एसोसिएशन में पंजीकृत अधिवक्ताओं के नाम भी हटा दिए गए हैं। इसके अलावा मोंठ, गरौठा, टहरौली, मऊरानीपुर की बार में पंजीकृत अधिवक्ताओं के नाम भी इस बार जिला अधिवक्ता संघ की वोटर लिस्ट में नहीं जोड़े गए हैं।
संघ के चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। चुनावी प्रक्रिया के संपादन के लिए एल्टर्स कमेटी का गठन हो गया है। संघ के पदाधिकारियों ने एल्डर्स कमेटी को अपना चार्ज सौंप दिया है। जल्द ही एल्डर्स कमेटी द्वारा चुनावी कार्यक्रम घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
26 से दी जाएगी वोटर लिस्ट
झांसी। शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ की एल्डर्स कमेटी की आवश्यक बैठक कमेटी के चेयरमैन प्रकाश नारायण द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें अभ्यर्थियों को 26 जुलाई से निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद वोटर लिस्ट देने का निर्णय लिया गया। साथ ही तय हुआ कि जल्द ही चुनाव की सहयोगी कमेटी का भी गठन किया जाएगा। बैठक में कमेटी के सदस्य रघुवीर शरण बाजपेयी, सुधीर सक्सेना व दामोदर दास अग्रवाल मौजूद रहे।