झांसी। नाला सफाई की शिकायतों को लेकर अपर नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग व जन कार्य विभाग से नाला सफाई का ब्योरा तलब किया है। रिपोर्ट में कितने नालों की सफाई हुई और उनमें खर्च धनराशि व अन्य व्यय का ब्योरा सोमवार तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इससे अभियंताओं की सांसे फूलने लगी हैं।
मालूम हो कि नगर क्षेत्र के साठ वार्डों में 161 छोटे-बडे़ नाले हैं। 33 बडे़ नालों की सफाई की जिम्मेदारी जन कार्य विभाग और 128 छोटे नालों की सफाई का दायित्व स्वास्थ्य विभाग को नगर निगम प्रशासन ने सौंपा था। नालों की सफाई के लिए 90 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई थी। ताकि बजट के अभाव में किसी भी दशा मेें नाला सफाई कार्य बाधित न हो। छोटे नालों की सफाई के लिए प्रत्येक वार्ड में गैंग नाला सफाई के अंतर्गत आउट सोर्स पर सफाई कर्मी रखे गए थे। साथ ही बडे़ नालों की सफाई टेंडर प्रक्रिया से ठेकेदारों द्वारा कराई गई है।
नाला सफाई सर्किल अभियंता और सफाई निरीक्षक को सौंपी गई थी। प्रत्येक वार्ड से नगर निगम प्रशासन को शिकायत प्राप्त हो रही है कि अभी उनके वार्ड में स्थित नाला की सफाई ठीक से नहीं कराने से जल भराव की स्थिति बन रही है। जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह ने दोनो विभागों से नाला सफाई का ब्योरा मांगा है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अभी तक कितने प्रतिशत नालों की सफाई हो चुकी है, कितनी धनराशि शेष बची है। बिंदुवार प्रगति रिपोर्ट जमा करें। ताकि अग्रिम कार्रवाई की जा सके। नगर निगम प्रशासन की मंशा है कि प्रगति रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। जांच के बाद सफाई कार्य के हिसाब से ठेकेदारों को पेमेंट करने की संभावना जताई जा रही है।