झांसी। महानगर के बड़े नालों और खंती में डंप किए जाने वाले कीचड़ और मल से खाद बनाई जाएगी। नगर निगम ने महानगर में नया फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए करारी में छह एकड़ जमीन की चिह्नित की गई है। हालांकि नगर निगम बिजौली में पहले से ट्रीटमेंट प्लांट संचालित कर रहा है।
महानगर में करीब 1.20 लाख घरों के सेप्टिक टैंक और शौचालयों से निकलने वाले मल के निस्तारण के लिए नगर निगम ने तमाम व्यवस्थाएं की हुई हैं। टैंक की सफाई के लिए 1500 रुपये प्रति ट्रिप के हिसाब से शुल्क लिया जाता है। इसको बिजौली में स्थित ट्रीटमेंट प्लांट ले जाया जाता है, लेकिन प्लांट की क्षमता छह किलो लीटर प्रतिदिन होने के चलते कई बार मल को खंती और नालों में छोड़ दिया जाता है। इसे लेकर कई बार निगम से शिकायत की जा चुकी है।
अब नगर निगम साढ़े तीन करोड़ की लागत से 12 किलो लीटर प्रतिदिन की क्षमता का प्लांट लगाने जा रहा है। इसके लिए करारी में जमीन को चिह्नित किया गया है। मंगलवार को नगर आयुक्त अवनीश राय ने प्रस्तावित जगह का निरीक्षण किया। उन्होंने जगह को उपयुक्त पाते हुए आगे की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, नगर आयुक्त ने करारी में ही सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए प्रस्तावित सात एकड़ और गोशाला के प्रस्तावित 10 एकड़ जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, अरुण कुमार गुप्त समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।