झांसी। जिले की समथर नगर पालिका परिषद में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। शिकायत के आधार पर प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में लाखों की घपलेबाजी पाई गई है। इस पर प्रशासन ने अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करते हुए शासन को रिपोर्ट भेज दी है।
जिला प्रशासन के पास आई शिकायत में बताया गया था कि समथर नगर पालिका परिषद में चौदह करोड़ रुपये की निविदाएं पूल बनाकर बेची गईं। विद्युत सामान की खरीद में कमीशनबाजी की गई। इसके अलावा ट्रैक्टर, ट्राली, कूड़ादान, सफाई कर्मचारियों की वर्दी की खरीद में भी लाखों रुपये का घपला किया गया। इसके अलावा श्मशान घाट की भूमि पर लगे शीशम के पेड़ कटवा दिए गए। इतना ही नहीं, एक शादी समारोह के आयोजन के लिए नगर पालिका द्वारा बनवाई गई बाउंड्रीवॉल तक तोड़ दी गई। साथ ही पद के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था, जिसमें लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को भी शामिल किया गया था। कमेटी ने 21 बिंदुओं पर जांच की, जिसमें कई शिकायतों की पुष्टि हुई। इस पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।
जांच में समथर नगर पालिका परिषद में अनियमितताएं सामने आई हैं। इसमें प्रथम दृष्टया अधिशासी अधिकारी को दोषी पाया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
- राम अक्षयवर चौहान, अपर जिलाधिकारी