झांसी। नगर निगम के अतिक्रमणरोधी दस्ते ने शुक्रवार को लक्ष्मी ताल के पास कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बने एक घर को जमींदोज कर दिया। इस दौरान यहां हंगामा भी हुआ।
नारायण बाग, लक्ष्मी ताल के पास स्थित एक मंदिर के पास की जमीन नगर निगम की है। यहां की गाटा संख्या 1247 पर कुछ लोगों ने अवैध तरीके से कब्जा जमाकर पक्का निर्माण करा लिया है। डॉ. मंगल रैकवार समेत कई लोग वहां निर्माण कराने में जुटे थे। इसकी सूचना नगर निगम के प्रवर्तन दल को मिली। शिकायत मिलने पर प्रवर्तन दल प्रभारी एनएन वाजपेई दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। निगम दस्ते को देखते ही आसपास हड़कंप मच गया। दस्ता प्रभारी ने मौके पर ही संपत्ति अधिकारी सुरेंद्र सिंह, कानूनगो प्रकाश सोनी, लेखपाल आदित्य तिवारी को भी बुला लिया। जांच-पड़ताल एवं नापजोख के बाद पूरी जमीन सरकारी पाई गई। इसके बाद कब्जे धारकों को अपना कब्जा हटाने को कहा गया। कुछ देर बाद दस्ते ने जेसीबी की मदद से वहां निर्मित पक्की बाउंड्रीवाल एवं अन्य निर्माण जमींदोज कर दिए। इसके अलावा दस्ते ने चित्रा चौराहे के पास से भी पटरी पर कब्जा करने वाले पटरी दुकानदारों को भी खदेड़ दिया। दस्ता प्रभारी के मुताबिक अतिक्रमण अभियान आगे भी जारी रहेगा।