पॉलीटेक्निक से आईटीआई जाने वाली ठीकठाक सड़क को दुवारा बनाया जारहा है। अमर उजाला
झांसी। महानगर के पॉलिटेक्नीक से आईटीआई जाने वाले मार्ग पर पैचवर्क से काम चल सकता था, लेकिन नगर निगम ने पूरी सड़क पर डामर डालकर सड़क को चमका दिया। जबकि महानगर के तमाम अन्य मार्ग दुर्दशा के शिकार हैं।
बुधवार को भी मुख्य अभियंता ने गोंदू कंपाउंड में सही सड़क का निर्माण कराने का मामला पकड़ा था। जिसमेें उन्होंने सड़क के गड्ढे को पैचवर्क करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को भी नगर निगम ने पॉलिटेक्नीक से आईटीआई जाने वाले मार्ग पर गड्ढे भरने की जगह पूरी सड़क पर लेयर बिछा दी। सड़क पर प्लांट चलता देख पॉलिटेक्नीक के अफसरों ने काम रुकवा दिया। वहीं नगर निगम की कारगुजारी पर सवाल खड़े होते नजर आए।
महानगर के सैंयर गेट, नारायण बाग रोड का हाल खराब है। नगर निगम इन सड़कों का निर्माण कराने के लिए बजट नहीं होने की बात कह रहा है। मामले में पार्षद उमाशंकर राय का कहना है कि नगर निगम अधिकारियों को यह सोचना चाहिए कि सड़क पर पैचवर्क से काम हो सकता है, तो पूरी लेयर क्यों बिछा रहे हैं। इस बजट का उपयोग दूसरी जगह किया जाता। ताकि लोगों को राहत मिलती। इस मामले को सदन में उठाएंगे। जबकि अपर नगर आयुक्त शादाब असलम का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। इसे दिखवाएंगे। पॉलिटेक्नीक के प्रधानाचार्य नवीन श्रीवास्तव का कहना है कि हमारे क्षेत्र में बिना जानकारी दिए काम हो रहा था। जिसे रुकवा दिया गया।