झांसी। पेयजल महायोजना के पहले चरण में महानगर के 26,201 घरों में कनेक्शन देकर पीने का पानी पहुंचाने का काम होगा। अभी बराठा बेसिन पेयजल योजना को शुरू कर मेडिकल कॉलेज के आसपास बसे क्षेत्रों में 5,926 कनेक्शन करके पानी देने का काम शुरू कर दिया गया है। शहर के दूसरी तरफ बसे क्षेत्रों को वर्ष 2022 तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य बनाया गया है।
महानगर के विकसित क्षेत्रों में पानी पहुंचाने के लिए अटल मिशन फॉर रिजुवेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉरमेंशन (अम्रृत) के तहत दो चरणों में काम चल रहा है। महानगर को 29 जोन में बांटा गया है। पहले चरण में 13 जोन को शामिल किया गया है। इनमें 244 किलोमीटर क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसमें से 197 किलोमीटर में पाइपलाइन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। इसमें सागर गेट जोन में 13 किलोमीटर, तालपुरा में 19 किलोमीटर, सिविल लाइंस में आधा किलोमीटर, मसीहा गंज में साढ़े तीन किलोमीटर, सिलवर्टगंज में 29 किलोमीटर, सिमरधा में नौ किलोमीटर, कोछाभांवर में साढे़ 13 किलोमीटर, भगवंतपुरा में साढ़े चौदह किलोमीटर, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में 35 किलोमीटर, गुमनावारा में साढ़े आठ किलोमीटर, नंदनपुरा में साढ़े तेइस किलोमीटर व सिमराहा में 28 किलोमीटर सड़क व गलियों में पाइपलाइन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। सभी क्षेत्रों में पहले चरण में 26,201 घरों में पानी के कनेक्शन दिए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज के आसपास क्षेत्रों में बराठा बेसिन से और बाकी क्षेत्र को माताटीला बांध से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
शासन से पूरा मिला बजट
पेयजल महायोजना के अंतर्गत महानगर के तेरह जोन में पाइपलाइन डालने, पानी की टंकी और भूतल जलाशय बनाने का काम होना है। अभी तक 63 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। इस काम के लिए 219.50 करोड़ रुपये स्वीकृति किए गए थे। इसमें प्रदेश शासन से तीन किस्तों में 180.31 करोड़ रुपये का बजट मिल गया है। योजना के तहत बाकी 39 करोड़ नगर निगम से मिलने हैं। नगर निगम से अभी बजट प्राप्त नहीं हुआ है।
मीटर लगाने पर लगी रोक
पेयजल महायोजना के तहत महानगर के नए विकसित क्षेत्रों में पाइप लाइन डालने का काम तेजी से चल रहा है। बराठा बेसिन योजना से मेडिकल जोन के कोछाभांवर, गेड़ा कॉलोनी, गुरु विहार कॉलोनी, शिक्षक कॉलोनी, पिछोर, गुमनावारा, महाराणा प्रताप नगर और सिंधी कॉलोनी में 5,926 कनेक्शन लगाकर पानी देने का काम शुरू कर दिया गया है। मीटर के साथ कनेक्शन लगाए गए हैं। कंपनी ने दस हजार मीटर मंगा लिए थे। मगर, अब नगर विकास विभाग ने मीटर लगाने पर रोक लगा दी है।
पेयजल महायोजना के पहले चरण में 26,201 घरों में कनेक्शन लगाने का काम होना है। इसमें मेडिकल कॉलेज के आसपास क्षेत्रों में 5,926 कनेक्शन लगाए जा चुके हैं।
- रोहित चौरसिया, अधिशासी अभियंता अतिरिक्त निर्माण इकाई।