ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग के पास रविवार को चेकिंग के दौैरान स्वॉट, कोतवाली व सीपरी बाजार पुलिस ने मुरैना के शातिर अपराधी को तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान कार से तमंचा भी बरामद किया। पकड़े गए बदमाश पर आगरा में बीस हजार का इनाम घोषित था। आगरा के पुलिस अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह व एसपी देहात राहुल मिठास ने बताया कि स्वॉट टीम प्रभारी विजय पांडेय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुरैना का शातिर अपराधी झांसी में किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए आ रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाल संजय सिंह और सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक सभाजीत मिश्रा ने ग्वालियर रोड पर सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया। इसी बीच रेलवे क्रासिंग के पास चल रही चेकिंग देखकर कार सवार ने भागने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीमोें ने घेेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर कार से तमंचा बरामद हुआ। शक होने पर पुलिस ने कोतवाली लाकर उससे पूछताछ की, जहां उसने अपना नाम जिला मुरैना के थाना नूराबाद स्थित चुरहैला गांव निवासी राम सिंह बताया। जानकारी लेने पर पता चला कि वह शातिर अपराधी है। उस पर हत्या, अपहरण समेत कई मुकदमे दर्ज होने की वजह से आगरा पुलिस ने रामसिंह पर बीस हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2017 मेें आगरा के फतेहपुर सीकरी में अपहरण की घटना में भी ये बदमाश शामिल था। इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। सूचना मिलते ही आगरा पुलिस भी झांसी के लिए रवाना हो गई। एसएसपी ने खुलासा करने वाली टीम में शामिल महेश पाठक, सोमेश कुमार, प्रदीप सेंगर, रमेश कुमार सहित सभी को पुरस्कृत करने की घोषणा की।