झांसी। थाना लहचूरा के इटायल गांव में ग्यारह दिसंबर को हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शराब न लाने पर हुए विवाद में पिता के कातिल करन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि थाना लहचूरा स्थित इटायल निवासी करन राजपूत का शव 12 दिसंबर की सुबह खेत पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला था। गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के ही कुछ लोगों पर एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले का खुलासा करने के लिए प्रभारी निरीक्षक आद्या प्रसाद वर्मा को लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने गांव के ही दीपेंद्र राजपूत, भागीरथ, रामकुमार व राजबहादुर को पकड़ा। पूछताछ में मुख्य आरोपी दीपेंद्र राजपूत ने बताया कि 11 दिसंबर की रात वे लोग कोटरा मार्ग स्थित खेत पर लगी फसल की रखवाली कर रहे थे। भागीरथ के खेत पर वह अलाव जलाकर बैठे थे। इसी बीच करन राजपूत खेत पर पहुंचा।
एसएसपी के अनुसार करन ने दीपेंद्र से शराब लाने को कहा। दीपेंद्र ने मना कर दिया। इस पर करन भड़क गया। उसने पिता की तरह हत्या करने की धमकी दीपेंद्र को दी। इससे गुस्से में आए दीपेंद्र ने बिस्तर में छिपाकर रखा तमंचा निकालकर करन की गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर शव को अंगूरी देवी के खेत में फेंककर सभी भाग निकले थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद कर लिया है। टीम में एसआई उदयवीर सिंह, संजेश कुमार व संजीव कुमार मौजूद थे।
नौ साल पहले की थी हत्या
मुख्य आरोपी दीपेंद्र राजपूत ने बताया कि 23 मार्च 2010 को विवाद के चलते पिता लालदास राजपूत की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में करन राजपूत को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। कुछ समय पहले करन जमानत पर जेल से छूटकर आया था।