भंडारे में हुआ विवाद, ग्रामीण की हत्या
झांसी। रक्सा थाना इलाके के ग्राम गुढ़ा में बृहस्पतिवार की शाम भंडारा चल रहा था। इसी दरम्यान दो लोगों में विवाद हो गया। एक व्यक्ति ने दूसरे को पीट-पीटकर मरणासन्न अवस्था में पहुंचा दिया, जिसकी शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस तलाश में जुटी हुई है।
थाना रक्सा के गुढ़ा गांव में बृहस्पतिवार की शाम भंडारा चल रहा था, जिसमें गांव के रहने वाले रतन के पुत्र गैबू (42) भी पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले एक व्यक्ति से उसका विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसमें गैबू को पीट - पीटकर आरोपी ने मरणासन्न कर दिया और भाग निकला। इससे भंडारे में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। रक्सा थानाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने बताया कि अब तक परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। जल्द ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।