झांसी। कोतवाली थानांतर्गत भैरव खिड़की स्थित ऋषि कुंज प्राइमरी स्कूल में हुई किशन लाल की हत्या का मंगलवार को खुलासा हो गया। खुलासे में न जमीन की रंजिश और न ही अवैध संबंध सामने आए हैं। पकड़े गए हत्याभियुक्त आपे चालक आमिर के अनुसार शराब पीने के बाद लूटपाट के लिए मना करने पर विवाद हो गया और उसने किशन की यह सोचकर हत्या कर दी कि यदि वह बच गया तो उसको मार डालेगा।
एसएसपी किरण एस ने बताया कि प्राइमरी स्कूल में 27 जून की सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला था। उसकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। शाम को शव की शिनाख्त कोछाभांवर निवासी किशन लाल पुत्र हरप्रसाद के रूप में हुई थी। प्रारंभिक तौर पर हत्या जमीन की रंजिश व अवैध संबंध में हत्या की आशंका थी। खुलासे में जुटी कोतवाली पुलिस को पता चला कि 26 जून की रात किशनलाल को आपे चालक आमिर उर्फ शानू निवासी इतवारी गंज के साथ देखा गया था। थाना प्रभारी जेपी यादव ने मंगलवार को घेराबंदी करके उसे रेलवे क्रासिंग पंचवटी पर दबोच लिया। पूछताछ में आमिर ने बताया कि 26 जून की रात वह सवारियों के इंतजार में रेलवे स्टेशन पर खड़ा था, तभी किशन लाल कोतवाली जाने के लिए बैठ गया। उसने पूछा कि क्या वह उसे पहचान पाया या नहीं। आमिर ने इनकार किया तो उसने कुछ समय पूर्व साथ-साथ शराब पीने की बात बताई। कुछ देर में आपे चालक ने कोतवाली के पास सवारियां उतार दीं। तभी किशनलाल ने साथ में शराब पीने की बात कही। आमिर उसे आपे से उन्नाव गेट लेकर गया, जहां से शराब के तीन क्वार्टर व नमकीन खरीदी।
किशनलाल ने एकांत में बैठने की बात कही तो वह उसे कुंज विहारी स्कूल ले गया, जहां उसने रोड किनारे आपे खड़ी कर दी। दोनों दीवार फंदकर स्कूल में घुसे और शराब पी। नशा होने के बाद किशन लाल ने उससे आपे लेकर हाईवे पर चलकर लूटपाट करने को कहा, जिसपर उसने इनकार कर दिया, इसी को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। किशनलाल ने छुपाकर रखी छुरी निकाली और उसपर प्रहार किया। भागने में असफल होने पर आमिर ने हाथ पकड़कर उससे छुरी छिन ली। इसके बाद आमिर ने गुस्से में किशन लाल पर चाकुओं से एक दर्जन से ज्यादा प्रहार किए। उसे लगा कि यदि गिरकर बच गया तो जान से मार डालेगा।
चाकू से गर्दन रेतने के बाद वह मौत निश्चित देख भाग गया। उसने बताया कि वह सीधे घर गया, जहां कपड़े बदले। पॉलीथिन में खून से तरबतर कपड़े व चाकू लेकर हीरालाल के बगिया वाले खेत में गया, जहां कपड़े जला दिए और चाकू छुपा दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अर्द्ध जले खून से सने कपड़े व चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस टीम को पांच का इनाम
एसएसपी ने किशन लाल की हत्या का खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया है। पुरस्कृत टीम में थाना प्रभारी जेपी यादव, एसआई अचल सिंह आदि शामिल हैं।