मऊरानीपुर। मऊरानीपुर थाना इलाके में बृहस्पतिवार को हुई पुजारी की मौत के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के परिजनों ने चुनावी रंजिश के चलते विपक्षियों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
मऊरानीपुर के ग्राम खकौरा में रहने वाले शिव मंदिर के पुजारी रतन पाल (65) बृहस्पतिवार की शाम तकरीबन छह बजे मंदिर परिसर में लगे हैंडपंप पर नहा रहे थे। इसी दरम्यान वे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। गुस्साए लोग शव लेकर थाने पहुंच गए थे। शुक्रवार को इस मामले में मृतक के भतीजे जयप्रकाश पाल ने थाने में तहरीर दी, जिसमें उन्होंने पुष्पेंद्र सिंह के पुत्र कृष्ण प्रताप सिंह उर्फ भैयाराजा व महेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ शिवाजी राजा तथा जोगेन्द्र विश्वकर्मा पर चाचा की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने चुनावी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया। इस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार चौरसिया व कोतवाल ने घटना स्थल का जायजा लिया। इस दौरान वारदात के संबंध में उन्होंने गांव के लोगों से जानकारियां भी जुटाईं। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।