इलाहाबाद/ झांसी। स्मार्ट सिटी के मद्देनजर झांसी में चकाचक सफाई व्यवस्था और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तरीके समझने के लिए नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ब्राजील जा रहे हैं। ब्राजील के साओपालों में 29 सितंबर से तीन अक्तूबर तक ‘आरडब्ल्यूएम ब्राजील 2015’ विषय पर आयोजित वर्कशॉप में नगर विकास मंत्री आजम खां के नेतृत्व में जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में उनके अलावा लखनऊ और इलाहाबाद के नगर आयुक्त भी शामिल होंगे।
वर्कशॉप में स्मार्ट सिटी में बेहतर प्रबंधक के संबंध में दुनिया भर के विभिन्न शहरों की स्थिति से अवगत कराया जाएगा। स्मार्ट सिटी के लिए आवश्यक चीजें और विभिन्न शहरों को किस तरह स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया गया, वर्कशाप में इसका भी प्रेजेंटेशन होगा। इसके लिए नगर विकास मंत्री आजम खां के नेतृत्व में 11 सदस्यीय दल 27 सितंबर को रवाना होगा। दल में सचिव श्रीप्रकाश सिंह, विशेष सचिव सीएम प्रांजल यादव, निदेशक सूडा शैलेंद्र कुमार सिंह, ओएसडी सीएम सैयद अफाक अहमद, नगर आयुक्त झांसी अरुण प्रकाश, इलाहाबाद देवेंद्र कुमार पांडेय एवं लखनऊ उदय राज सिंह सहित जल निगम के प्रबंध निदेशक प्रेम कुमार, सीएंडडीएस के महाप्रबंधक एके राय एवं सूडा के आईईसी योगेंद्र आदित्य शामिल हैं।
नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि ब्राजील वर्कशॉप में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर फोकस होगा। स्मार्ट सिटी पर काम शुरू होने के पहले सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त करना और कूड़े का उचित ढंग से निस्तारण करना प्राथमिकता है। वर्कशॉप में इस पर सीखने का मौका मिलेगा, जिसे यहां लागू करने का प्रयास किया जाएगा।