muncipal corporation,jhansi hindi news
- फोटो : demo
झांसी। टेंडर निकले एक अरसा हो गया, लेकिन ठेकेदारों ने अभी तक काम शुरू नहीं किए हैं। करीब एक करोड़ की लागत से होेने वाले विकास कार्यों की शुरूआत ही न होने पर नाराज महापौर ने जनकार्य विभाग की बैठक में चेतावनी दी कि 30 अप्रैल तक काम शुरू नहीं हुए तो लापरवाह ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।
सोमवार को महापौर किरन राजू बुकसेलर ने अपने कार्यालय में जनकार्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पता चला कि वार्ड नंबर 19 में आंतिया तालाब के पास नाला बनाने का टेंडर एक वर्ष पूर्व हुआ था, इसके बावजूद अभी तक उसका निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। गंदा पानी सड़क पर बहता है, इससे सड़क कट रही है।
महापौर ने अधिकारियों को नाला निर्माण का काम 30 तक शुरू कराने को कहा है। यदि काम शुरू नहीं हुआ तो ठेका निरस्त कर दोबारा ठेका कराने एवं ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर उसकी जमानत राशि जब्त करने के निर्देश दिए हैं।
महापौर ने अन्य विकास कार्यों के टेंडर होने के बावजूद काम शुरू न होने पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि जल्द काम शुरू नहीं करा सकते तो सभी ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करा दिया जाएगा। उन्होंने बैठक में ऐसे चिह्नित किए गए 40 ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रभारी नगर आयुक्त रोहन सिंह, जनकार्य विभाग के इं. आरके वर्मा, अमित शर्मा, एमएल त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी राकेश बाबू गौतम आदि उपस्थित रहे।