अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्मार्ट सिटी मिशन की 31वीं बोर्ड बैठक सोमवार को मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में हुई। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने स्मार्ट सिटी मिशन की पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं के तमाम बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने परियोजना के जरिये पूर्ण हो चुके कार्यों के बारे में आम लोगों को भी बताने को कहा, जिससे वह इसका लाभ उठा सकें। इसके साथ ही उन्होंने अन्य कार्य भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने बताया कि अगले माह से मल्टीलेवल कार पार्किंग आरंभ करने के निर्देश दिए हैं। इसकी निविदा प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। बैठक में जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव, टाउन प्लानर रवींद्र गौतम, महाप्रबंधक प्रवीण गुप्ता समेत अन्य ने हिस्सा लिया। संचालन सचिव हेमंत नायक ने किया।