ट्रक चालक की हत्या व लूट में तीन बदमाश पकड़े
झांसी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र के करैरा में दस जनवरी की रात चालक की हत्या कर ट्रक लूटने के मामले में तीन बदमाशों को बबीना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के पास दो तमंचे, एक पौनिया व तीन कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों में बाप- बेटे और एक भांजा है। हालांकि, बदमाशों से यह पता नहीं चल सका कि ट्रक में रखे चनों का उन्होंने क्या किया? हेल्पर का भी पता नहीं चल सका है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
10 जनवरी की रात शिवपुरी के करैरा क्षेत्र में कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती निवासी चालक सोहनपाल की हत्या कर बदमाश ट्रक लूट ले गए थे। ट्रक में काबुली चना लदा था जो देवास से कानपुर ले जाया जा रहा था। तीन दिन बाद सोहन पाल का शव मिला था। जेब से 37 हजार रुपये, मोबाइल भी मिले थे। साथ में चल रहे शिवपुरी के थाना दुलहई अंतर्गत अमोला गांव में रहने वाले हेल्पर पवन का कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों ने हत्या की एफआईआर करैरा में दर्ज कराई थी। जबकि, पुलिस ने चिरगांव क्षेत्र में खाली ट्रक बरामद किया था।
एसपी सिटी श्रीप्रकाश द्विवेदी का कहना है कि शनिवार की सुबह बबीना थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान बैदोरा चौकी के पास उक्त हत्याकांड में शामिल तीन बदमाशों को बदमाश पकड़ लिया। इनके नाम करैरा थाना क्षेत्र के डबरा गांव निवासी रामस्वरूप राजपूत उसका पुत्र पुरुषोत्तम राजपूत व रक्सा क्षेत्र के गांव बसाई निवासी भांजे दिनेश कुमार राजपूत हैं। पकड़े गए बदमाशों पर कई मामले दर्ज हैं। ये तीनों अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। करैरा पुलिस उनसे पूछताछ के लिए आ गई है। टीम में उपनिरीक्षक राजू सिंह, भारत लाल गौतम, आरक्षी दिनेश चंद्र, सुधीर सिंह, चंद्रप्रकाश व संजय कुमार शामिल रहे।
इन सवालों के नहीं मिल सके जवाब
-------------------------------
- बदमाशों ने ट्रक में भरे चनों का क्या किया?
- बदमाश क्लीनर के बारे में क्यों नहीं बता पा रहे हैं?
- वारदात में शामिल बदमाशों की संख्या का पता क्यों नहीं लग पाया?