संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। नकली दवाओं के भंडारण की सूचना पर औषधि प्रशासन विभाग की मंडलीय टीम ने पुलिस के साथ बुधवार को नई बस्ती स्थित एक एमआर के घर पर छापा मारा। तकरीबन दो घंटे तक चली जांच में मौके से किसी भी प्रकार की अवैध या नकली दवा बरामद नहीं हुई। मौके पर सैंपल की दवाएं मिलीं। टीम ने एमआर से रिकॉर्ड तलब किया है।
नकली दवाओं के भंडारण और उनकी बिक्री की सूचना पर बुधवार को औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त दीपक शर्मा की अगुवाई में नई बस्ती स्थित एमआर के घर पर छापा मारा। टीम के साथ पुलिस भी मौजूद थे। टीम में शामिल झांसी के औषधि निरीक्षक राहुल कुमार, हमीरपुर की रेखा सचान और ललितपुर के विनय मिश्रा मकान में लगभग दो घंटे तक जांच करते रहे। टीम ने मौके पर मिली दवाओं और दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की।
जांच के दौरान मौके पर मौजूद युवक नितेश नायक ने खुद को ग्लेनमार्क कंपनी का मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बताया। टीम को मौके से दवाओं के सैंपल मिले। अधिकारियों के अनुसार नियमानुसार एमआर को फिजिशियन सैंपल रखने का अधिकार होता है। युवक के पास मौजूद दवाओं के बिल और कंपनी से जुड़े दस्तावेज सही पाए गए। औषधि प्रशासन विभाग ने युवक से उसका नियुक्ति पत्र और अन्य रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि नकली दवाएं होने की सूचना गलत थी। मौके पर मेडिकल रिप्रेजेंटिव को मिलने वाले दवाओं के सैंपल मिले। युवक से अन्य दस्तावेज मांगे गए हैं।
0000
फोटो-05JD1_M_22_05082026_
धड़ाधड़ गिरे दवा की दुकानों के शटर
नई बस्ती में औषधि प्रशासन विभाग की टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही नगर में संचालित कई मेडिकल स्टोर और क्लिनिकों के शटर धड़ाधड़ गिर गए। टीम के जाने के बाद ही दुकानें खोली गईं। इससे मरीजों और तीमारदारों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। लोग इलाज और दवाओं के लिए परेशान रहे।