झांसी। जिला अस्पताल में जल्द एमआरआई (मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेज) मशीन लगेगी। इसके लिए नेशनल हेल्थ मिशन ( एनएचएम ) ने मंजूरी देने के साथ ही इसके लगने का स्थान चिह्नित कर लिया है।
मेडिकल कॉलेज में लगी एमआरआई मशीन करीब ढाई साल पहले कंडम घोषित हो चुकी है। इसके चलते रोगियों के एमआरआई सरकारी शुल्क पर निजी संस्थान में कराए जाते हैं। एमआरआई की रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर बनाते हैं। जिसके चलते रोगियों को इंतजार करना पड़ता है। रिपोर्ट देरी से मिलने और तमाम झंझटों से बचने के लिए लोग अपने स्तर से महंगे दामों पर एमआरआई कराते हैं। बताते हैं मेडिकल कॉलेज प्रशासन काफी समय से एमआरआई लगवाने के लिए प्रयास कर रहा है, मगर परिणाम जस के तस हैं। वहीं जिला अस्पताल प्रशासन की तरफ से सार्थक प्रयास करने का परिणाम है कि एनएचएम ने एमआरआई मशीन को मंजूर दे दी है। यही नहीं मशीन के अलावा हीलियम टावर लगने के स्थान को भी चिह्नित कर लिया गया है। प्रभारी एडी हेल्थ डॉ. आरके सक्सेना ने बताया एनएचएम ने एमआरआई मशीन स्वीकृत कर दी है। इसके लगने के स्थान व हीलियम टावर आदि की रिपोर्ट भेज दी है। चार माह में मशीन लग जाएगी।
:::::::::::::::::::::::
डिजिटल एक्सरे मशीन व पांच पैरा माॅनीटर मिले
68 और बेड पर होगी ऑक्सीजन की सुविधा
झांसी। सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रेस्पोंसबिलिटी) के तहत जिला अस्पताल को डिजिटल एक्स-रे मशीन व पांच पैरा मॉनीटर मिल गए हैं। जल्द ही अस्पताल के 68 और बेडों पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध होगी। एसआईसी डॉ. आरके सक्सेना ने बताया डिजिटल एक्सरे मशीन से भर्ती रोगियों के बेड पर ही एक्स-रे होंगे।