झांसी। भारी बारिश की वजह से सिंध नदी का जल स्तर खतरे के निशान पर है। इससे नदी के आसपास बसे कई गांवों में बाढ़ आ गई है। बुधवार को झांसी से सटे मध्य प्रदेश के दतिया जिले के कोटरा गांव का जायजा लेने गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा नाव से पहुंचे। इसी बीच उनकी नाव पर एक पेड़ गिर गया, जिससे गृहमंत्री बाढ़ के पानी से घिर गए। मुश्किल से उनके सुरक्षा कर्मी उन्हें पानी से निकालकर गांव के एक घर में ले गए। तकरीबन एक घंटे तक वह बाढ़ से घिरे रहे। सूचना मिलने पर एमपी प्रशासन अलर्ट हो गया। मौके पर पहुंचे रेस्क्यू टीम ने गृहमंत्री को एयरलिफ्ट कर बाढ़ से निकाला।