मेजर ध्यानचंद स्टेडियम मे चल रही अखिल भारतीय प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में
झांसी। अखिल भारतीय प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को एमपी हॉकी एकेडमी और हॉकी महाराष्ट्रा ने अपने प्रतिद्वंद्वी टीमों को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली। अब शुक्रवार को दोनों टीमें फाइनल में खिताब पाने के लिए भिड़ेंगी।
बृहस्पतिवार को ध्यानचंद स्टेडियम में मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी और नॉर्थन रेलवे के बीच पहला मैच खेला गया। इसमें मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी 2-0 गोल से विजयी रही। विजेता टीम की ओर से पहला गोल 12वें मिनट में उपासना सिंह ने और दूसरा गोल 14वें मिनट में कंचन निधि ने दागा। वहीं, दूसरा मैच खेल छात्रावास लखनऊ और हॉकी महाराष्ट्रा के बीच खेला गया। इसमें हॉकी महाराष्ट्रा की टीम 4-1 से विजयी रही। विजेता टीम की ओर से 36वें व 44वें मिनट में राखी प्रजापति ने सर्वाधिक दो गोल, 15वें मिनट में भावना खरे और 53वें मिनट में वैष्णवी फालके ने एक-एक गोल किया। खेल छात्रावास लखनऊ की ओर से 52वें मिनट में अंशिका सिंह ने एक गोल किया। अब शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे से एमपी हॉकी एकेडमी और हॉकी महाराष्ट्रा के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इससे पूर्व सुबह 11 बजे से नॉर्थन रेलवे और स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ की टीमें तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगी।